14 घर, 45 गाड़ियों, कई आईलैंड्स के मालिक जॉनी डेप:12 की उम्र में ड्रग एडिक्ट बने, 20 में की थी पहली शादी

पायरेट्स ऑफ द कैरिबियन और चार्ली एंड द चॉकलेट फैक्ट्री जैसी बेहतरीन फिल्मों का हिस्सा रहे जॉनी डेप आज 60 साल के हो चुके हैं। जॉनी फिल्मों से ज्यादा अपने ड्रग एडिक्शन, लड़ाई-झगड़ों, जेल जाने और कोर्ट केस के चलते सुर्खियों में रहे हैं।

जॉनी डेप
हैप्पी बर्थडे जैक स्पैरो

जॉनी के नाम हाईएस्ट पेड एक्टर होने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी है। हालांकि, इनका शुरुआती सफर बेहद गरीबी और स्ट्रगल से भरा रहा।

Table of Contents

आज जॉनी के 60वें जन्मदिन पर जानिए इनकी जिंदगी से जुड़े कुछ बेहतरीन और अनसुने किस्से-

जॉनी डेप का जन्म 9 जून 1963 को केंटकी, US में हुआ था। मां बेट्टी एक होटल में वेट्रेस थीं और पिता जॉन क्रिस्टोफर डेप एक सिविल इंजीनियर। परिवार गरीब था तो जॉनी का ज्यादातर बचपन शहर बदलते हुए और मां-बाप के झगड़े देखते हुए बीता। नतीजतन जॉनी इससे डिस्टर्ब होकर बचपन में ही नशा करने लगे।

पहली बार उन्होंने अपनी मां की नींद की दवाइयां चुराकर उससे नशा किया था, फिर कुछ दिनों बाद उन्हें लत लग गई। वो अक्सर स्लीपिंग पिल्स से नशा करते थे। फिर संगत बिगड़ी तो वो 12 साल की उम्र में सिगरेट पीने लगे।

14 साल के होते-होते जॉनी हर तरह का नशा करने लगे थे। जब जॉनी 15 साल के हुए तो उनके मां-बाप ने तलाक ले लिया और उनकी मां ने रॉबर्ट पामर से दूसरी शादी कर ली। रॉबर्ट एक म्यूजिशियन थे, जिन्हें जॉनी अपनी प्रेरणा मानते थे।

जॉनी डेप
जॉनी के बचपन की तस्वीर

हुनर देखकर प्रिंसिपल ने स्कूल से निकाला

12 साल की उम्र में जॉनी ने गिटार बजाना सीखना शुरू किया और बैंड के लिए परफॉर्म करने लगे। जब जॉनी 16 के हुए तो उन्होंने बैंड के लिए अपना मिरामर हाई स्कूल छोड़ दिया। दो हफ्तों बाद उन्होंने जब स्कूल में दोबारा दाखिला लेना चाहा तो प्रिंसिपल ने ये कहकर उन्हें एडमिशन नहीं दिया कि उनके पास टैलेंट है और उन्हें अपने म्यूजिशियन बनने के सपने के लिए मेहनत करनी चाहिए।

टेलीमार्केटिंग जैसे छोटे-मोटे कामों से करते थे कमाई

1980 तक जॉनी द किड बैंड के लिए गिटार बजाने लगे, लेकिन इससे उनकी कमाई नहीं होती थी। उन्होंने घर चलाने के लिए कभी टेलीमार्केटिंग की तो कभी दुकानों में काम किया।

20 साल की उम्र में की थी पहली शादी

1983 में जॉनी ने मेकअप आर्टिस्ट लोरी एन एलिसन से शादी की, जो उनके बैंड मेंबर की बहन थीं। दोनों बैंड के साथ लॉस एंजिलिस शिफ्ट हो गए। कुछ महीनों बाद ही सारे बैंड मेंबर्स कमाई न होने पर अलग हो गए। ऐसे में जॉनी की पत्नी लोरी ने उन्हें एक्टर निकोलस केज से मिलवाया, जो घोस्ट राइटर और द नेशनल ट्रेजर जैसी फिल्मों के लिए मशहूर हैं।

उस समय एकेडमी विनर एक्टर निकोलस हॉलीवुड में नए थे, जो जॉनी की पत्नी लोरी के दोस्त थे। कुछ मुलाकातों के बाद जॉनी और निकोलस की अच्छी दोस्ती हो गई और दोनों अकसर साथ शराब पीने लगे।

जॉनी डेप

फिल्मों में आते ही छूट गया पत्नी का साथ

एक दिन निकोलस ने ही जॉनी को एक्टर बनने की सलाह दी और उन्हें एक फिल्म के ऑडिशन के लिए डायरेक्टर वेस क्रेवन से मिलवाया। जॉनी को एक्टिंग का अनुभव नहीं था, लेकिन उन्होंने इतना दमदार ऑडिशन दिया कि उन्हें फिल्म ए नाइटमेयर ऑन एल्म स्ट्रीट(1984) में सपोर्टिंग रोल मिल गया। फिल्मों में आने के एक साल बाद ही उन्होंने लोरी से तलाक ले लिया।

कई छोटे-मोटे रोल करने के बाद जॉनी 1990 की फिल्म क्राय बेबी में नजर आए। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फेल हो गई, लेकिन जॉनी को काफी तारीफें मिलीं। एडवर्ड सिजरहैंड्स से जॉनी नामी एक्टर्स में गिने जाने लगे। 2003 में आई पायरेट्स ऑफ द कैरिबियन से जॉनी डेप स्टार बन गए और उन्होंने आगे फाइंडिंग नेवरलैंड, पब्लिक एनिमीज, चार्ली एंड द चॉकलेट फैक्ट्री जैसी बेहतरीन फिल्में कीं। जॉनी डेप अपने करियर में एक गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड हासिल कर चुके हैं, वहीं उन्हें 3 बार ऑस्कर के लिए नॉमिनेशन मिला है।

2 एक्ट्रेस से टूट चुकी है सगाई

लोरी से तलाक के बाद जॉनी ने अपनी पब्लिसिस्ट ट्रेसी से कहा कि वो फिल्म डर्टी डांसिंग की एक्ट्रेस जेनिफर ग्रे को पसंद करते हैं। अगले ही दिन ट्रेसी ने उन दोनों की ब्लाइंड डेट फिक्स करवाई। दो हफ्तों की मुलाकातों के बाद ही दोनों ने सगाई कर ली। 8 महीने बाद ही दोनों अचानक अलग हो गए और जेनिफर ने किसी और से सगाई कर ली। इसी समय जॉनी का एक्ट्रेस शेरिल फेन से भी रिश्ता रहा और दोनों ने सगाई भी की, लेकिन वो भी चंद महीनों में ही टूट गई।

विनोना रेडर के नाम का बनवाया था टैटू

1989 में फिल्म ग्रेट बॉल्स ऑफ फायर के प्रीमियर में जॉनी की मुलाकात विनोना रेडर से हुई। दोनों ने एक दूसरे को देखते ही पसंद कर लिया और फिर कुछ म्यूचुअल दोस्तों ने उनकी मुलाकात करवा दी। कुछ समय बाद दोनों बेवर्ली हिल्स में लिव इन में रहने लगे और हॉलीवुड के पसंदीदा कपल बन गए।

उस समय विनोना महज 17 साल की थीं। जॉनी अपनी गर्लफ्रेंड के लिए इतने सीरियस थे कि उन्होंने विनोना के नाम का टैटू तक बनवा लिया था, हालांकि 3 साल बाद 1993 में दोनों अलग हो गए।

जॉनी और विनोना रेडर

विनोना ने की थी खुदकुशी की कोशिश

जॉनी डेप विनोना का पहला प्यार थे। ऐसे में ब्रेकअप के बाद वे इतनी बुरी तरह टूट गईं कि उन्होंने 2 हफ्तों में ही शराब और सिगरेट का सहारा ले लिया। अपनी ऑटोबायोग्राफी में विनोना ने लिखा था कि एक बार वो नशे में मरते-मरते बची थीं। डिप्रेशन में विनोना ने एक होटल में चेक-इन किया। उन्होंने खुद को कमरे में बंद किया और सिगरेट पीना शुरू किया। नशे में सिगरेट को उंगलियों से मुंह में फंसाए हुए विनोना की आंख लग गई। जब उनकी नींद खुली तो देखा कि कमरे में आग लग चुकी थी।

विनोना से ब्रेकअप के बाद जॉनी भी बुरी तरह टूट गए थे। कुछ समय बाद उन्होंने विनोना रेडर के नाम वाले टैटू ‘Winona forever’ को Wino forever करवा लिया। 1994- 1998 तक जॉनी का रिश्ता केट मॉस से रहा।

गर्लफ्रेंड से हुए 2 बच्चे, 14 साल बाद हुआ ब्रेकअप

1998 में जॉनी डेप की मुलाकात फ्रेंच मॉडल वेनेसा पैराडिस से हुई और दोनों चंद मुलाकातों के बाद ही रिलेशनशिप में आ गए। दोनों 14 सालों तक रिलेशनशिप में रहे, लेकिन शादी नहीं की। 1999 में वेनेसा ने जॉनी की बेटी लिली रोज डेप और 2002 में बेटे जैक को जन्म दिया था।

दुनिया के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले एक्टर का वर्ल्ड रिकॉर्ड

2012 में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जॉनी डेप का नाम दर्ज हुआ। जॉनी सालाना 75 मिलियन डॉलर (619 करोड़ रुपए) कमाने वाले दुनिया के हाईएस्ट पेड एक्टर हैं। जबकि उनकी नेटवर्थ 1200 करोड़ रुपए है।

प्राइवेट आइलैंड के मालिक हैं जॉनी

2004 में जॉनी डेप ने बहामा से करीब 96 किलोमीटर दूर एक प्राइवेट आइलैंड खरीदा, जिसका नाम लिटिल हॉल्स पॉण्ड क्ले है। ये आइलैंड उन्होंने 3.6 मिलियन डॉलर (29 करोड़ रुपए) में खरीदा था, जिसकी वैल्यू अब 75 मिलियन डॉलर (618 करोड़ रुपए) है।

3 बार गए जेल, विवादों से रहा है नाता

1989 में जॉनी डेप को सिक्योरिटी गार्ड से मारपीट करने पर जेल हो चुकी है। जॉनी अपने होटल रूम में लाउड म्यूजिक पार्टी कर रहे थे, जब सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें रोका तो उन्होंने उसे पीटना शुरू कर दिया।

1994 में जॉनी को द मार्क होटल के रूम में तोड़फोड़ करने पर जेल हो चुकी है। वो वहां अपनी गर्लफ्रेंड केट मॉस के साथ गए थे, लेकिन शराब के नशे में झगड़ते हुए जॉनी ने कमरे का सामान तोड़ना शुरू कर दिया था।

1999 में लंदन के मिराबेल रेस्टोरेंट के बाहर जॉनी ने एक पैपराजी को धमकी देते हुए लकड़ी के टुकड़े से पीटने की कोशिश की थी, ऐसा करने पर उन्हें अरेस्ट कर लिया गया था।

इसके अलावा जॉनी कभी अपनी मैनेजमेंट कंपनी पर 40 मिलियन डॉलर के घाटे में जाने पर केस कर चुके हैं। वहीं उनके बॉडीगार्ड भी सैलरी न मिलने पर उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवा चुके हैं।

हर महीने शराब पर खर्च करते थे 24 लाख रुपए

11 साल की उम्र से नशा कर रहे जॉनी डेप ने 2013 में शराब पीनी बंद कर दी है, हालांकि एक समय ऐसा था जब वो महीने में 24 लाख रुपए की शराब पी जाते थे।

कुछ सालों पहले जॉनी के बिजनेस मैनेजर ने बताया था कि वो हर महीने 30 हजार डॉलर यानी 24 लाख रुपए वाइन पर खर्च करते हैं। हालांकि 2018 में जॉनी ने कहा था कि बिजनेस मैनेजर द्वारा किया गया 24 लाख की शराब वाला दावा गलत है और बेइज्जती भरा है, क्योंकि वो इससे कहीं ज्यादा रुपए वाइन पर खर्च करते हैं।

14 घर, 45 लग्जरी गाड़ियों और 70 गिटार के मालिक हैं जॉनी डेप

जॉनी डेप के पास दुनियाभर में 14 घर हैं, जिनकी वैल्यू 75 मिलियन डॉलर यानी 616 करोड़ रुपए है। जॉनी के पास 70 महंगे गिटार और 200 से ज्यादा एंटीक आर्ट पीस हैं। अपनी 45 लग्जरी गाड़ियों पर वो 165 करोड़ रुपए खर्च कर चुके हैं। जॉनी हर महीने करीब 2.50 करोड़ रुपए अपनी सिक्योरिटी और स्टाफ पर खर्च करते हैं, वहीं उनके बच्चों की फुल टाइम सिक्योरिटी का एक महीने का खर्च ही 1.23 करोड़ रुपए है।

जॉनी डेप वर्सेस अंबर हर्ड

फिल्म द रम डायरी (2011) की शूटिंग करते हुए जॉनी डेप और को-स्टार अंबर हर्ड रिलेशनशिप में आ गए। दोनों ने 3 फरवरी 2015 को शादी की थी। अगले साल 23 मई 2016 को दोनों ने तलाक ले लिया।

जॉनी वर्सेस अंबर हर्ड

तलाक लेते हुए अंबर ने जॉनी डेप पर नशे में गाली-गलौज और मारपीट के संगीन आरोप लगाए थे। इसके बाद काउंटर लॉ सूट में जॉनी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि वो नहीं बल्कि अंबर उनके साथ मारपीट करती थीं। जॉनी ने कहा कि अंबर पैसों की लालच में उन पर बेबुनियाद आरोप लगा रही हैं। ऐसे में अंबर ने कोर्ट में कहा कि वो एल्यूमनी के 57 करोड़ की रकम को चिल्ड्रन हॉस्पिटल को दान कर देंगी, लेकिन उन्हें न्याय चाहिए। कोर्ट ने उस समय अंबर के पक्ष में फैसला सुनाया था।

2019 में जॉनी ने अंबर पर छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दायर किया। साथ ही जॉनी ने कहा कि वादे के अनुसार अंबर ने सेटलमेंट की रकम को दान नहीं किया है। करीब 2 साल चले केस के बाद 2022 में कोर्ट ने जॉनी डेप के पक्ष में फैसला देते हुए 10 मिलियन डॉलर 82 करोड़ रुपए का कंपंसेटरी डैमेज देने का फैसला सुनाया।

  1. 2022 में रिलीज हुई फिल्म फैंटास्टिक बीस्टः द सीक्रेट ऑफ डंबलडोर में जॉनी ने ग्रेलेट ग्रिंडलवाल्ड का रोल प्ले किया था, लेकिन विवादों के चलते उनके सीन डिलीट कर उनकी जगह मैड्स मिकलसन को दी गई थी।

कांस 2023 में जॉनी को मिला था 7 मिनट का स्टैंडिंग ओवेशन

जॉनी डेप ने 16 मई 2023 को रिलीज हुई फिल्म जीन डू बैरी से कमबैक किया है। इस फिल्म का प्रीमियर कांस 2023 में हुआ था, जिसे देखने के बाद कांस में मौजूद लोगों ने जॉनी डेप को 7 मिनट का स्टैंडिंग ओवेशन दिया था। केस के दौरान जॉनी को डिज्नी की फिल्म फ्रेंचाइजी पाइरेट्स ऑफ कैरिबियन के अगले पार्ट से भी हटा दिया गया था, हालांकि अब तक साफ नहीं है कि जॉनी सीरीज में वापसी करेंगे या नहीं।

इसे भी पढ़े : विलेन बनकर भी मनोज बाजपेयी बने सबके पसंदीदा एक्टर , ये 8 रोल्स है गवाह

इस पोस्ट को शेयर करे :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

a random fun fact about the Roman Empire महाबैठक से अरविंद केजरीवाल को मिलेगा डबल एडवांटेज जम्मू-कश्मीर के सांबा में प्रवासी मजदूरों को ले जा रही बस पलटी Cristiano Ronaldo storms off as Al Nassr players involved in full-time confrontation The top 10 crypto marketing agencies for 2023